भारत सरकार किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ मौसम वर्ष 2025 में "मेरी पॉलिसी मेरे हाथ" कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन कर बीमित कृषकों को फसल बीमा पॉलिसी का वितरण 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2025 तक किया जाएगा।
जिला मुख्यालय स्थित उप संचालक कृषि सभागार में आज आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि राकेश गुप्ता, भाजपा पुरानी शिवपुरी मंडल अध्यक्ष गिर्राज शर्मा, उप संचालक कृषि एवं किसान कल्याण पान सिंह करोरिया, एस ए डी ओ.. एस.एस. जाटव, एआईसी फसल बीमा कंपनी के जिला प्रतिनिधि सुखेन्द्र सिंह चौहान सहित कृषक बंधु, बीमा कंपनी के तहसील प्रतिनिधि एवं कृषि विभाग का अमला उपस्थित रहा।
इस अवसर पर बताया गया कि कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के समस्त बीमित कृषकों को फसल बीमा पॉलिसी की प्रति ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में उपलब्ध कराई जाएगी। यह कार्य पूरे माह सहयोगी अमले एवं बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों के समन्वय से किया जाएगा, जिससे प्रत्येक पात्र कृषक को समय पर बीमा पॉलिसी प्राप्त हो सके।


