पुलिस के अनुसार पिछले दो-तीन दिनों से सूचना मिल रही थी कि कुछ शातिर जुआरी स्थान बदल-बदलकर जुए का संचालन कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी भगुवापुरा ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी सेवढ़ा एवं थाना प्रभारी द्वारा गुप्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर रात्रि में रेकी की गई तथा योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई से न केवल दतिया जिले बल्कि सीमावर्ती भिंड जिले के आलमपुर एवं दबोह क्षेत्र में भी हड़कंप की स्थिति बन गई है।
पहला छापा : जसवंत भदौरिया के खेत, मौजा करीला
पुलिस ने मौजा करीला स्थित जसवंत भदौरिया के खेत में संचालित जुए के फड़ पर दबिश दी। यहां से सात आरोपियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से कुल 33,500 रुपये नगद एवं 52 पत्तों की एक ताश की गड्डी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में रवि कुमार प्रजापति निवासी आलमपुर, सुनील बघेल निवासी गोरा, वीर बहादुर जाटव निवासी रतनपुरा, अजय परिहार निवासी गोरा, रविंद्र कुशवाह निवासी गोरा, प्रदीप खेमरिया निवासी गांगेपुरा तथा संतोष जाटव निवासी जोरी शामिल हैं।
दूसरा छापा : रामजानकी मंदिर के पास पुनीत पटेल का खेत
इसके बाद पुलिस टीम ने रामजानकी मंदिर के पास स्थित पुनीत पटेल के खेत में दबिश दी, जहां पांच लोग जुआ खेलते हुए पाए गए। मौके से 13,800 रुपये नगद एवं 52 पत्तों की ताश जब्त की गई।
इस कार्रवाई में आदिल खान, विक्रम जाटव, बसीर खान निवासी इंदरगढ़, राहुल गुर्जर निवासी परसौदा गुर्जर तथा कल्लू उर्फ रामकिशोर सेन निवासी छोटा आलमपुर को गिरफ्तार किया गया।
कुल 47,300 रुपये नकद जब्त
दोनों स्थानों पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर 47,300 रुपये नगद एवं दो ताश की गड्डियां जब्त की हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी भगुवापुरा शाकिर अली खान के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रवि दुबे, उदय यादव, रामलाल पाल तथा आरक्षक हरिमोहन, हनुमान, संदीप, दिलीप, खेमान, हरजेन्द्र, सैनिक रामरतन एवं सैनिक संतोष की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों, जुआ-सट्टा और अपराधों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


