शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने सोमवार देर रात शिवपुरी नगर का औचक भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंत्री रात करीब 12 बजे जिला अस्पताल शिवपुरी पहुंचे। यहां उन्होंने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और इसे और मजबूत करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि पूर्व की तुलना में सुधार दिख रहा है, लेकिन निरंतर निगरानी जरूरी है।
इसके बाद मंत्री लुहारपुरा की पुलिया और नीलगढ़ चौराहा पहुंचे। यहां जाम की समस्या को देखते हुए पहले तोड़े गए पुराने चाबी घर का मलबा हटवाकर रास्ता बनाने और पास लगे बिजली ट्रांसफार्मर पर सुरक्षित जालियां लगाने के निर्देश सीएमओ को दिए। उन्होंने सभी कार्य 10 दिन के भीतर पूरे करने का अल्टीमेटम दिया।
भ्रमण के दौरान शहर के तीनों थाना प्रभारी, एडिशनल एसपी और एसडीओपी मौजूद रहे। मंत्री ने पार्कों में असामाजिक तत्वों, मुक्ति धाम क्षेत्र में जुआरी और सटोरियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और सभी संबंधित कार्यों के लिए 10 दिन की समय-सीमा तय की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार जनहितैषी है और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं सही तरीके से मिल रही हैं या नहीं। इसके लिए जमीनी स्तर पर निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।


