देवराज खटीक (21) निवासी मंगल मसाले वाली गली, पुराना बस स्टैंड शिवपुरी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार शाम करीब 4 बजे वह अपने साथियों अरुण खटीक, नलिन पंडित और प्रशांत राठौर के साथ कार क्रमांक MP 04 ZY 2200 से मेडिकल कॉलेज के पास स्थित अमृत तुल्य चाय दुकान पर पहुंचे थे। दुकान पर पहले से बैठे 5–6 युवकों में से एक ने कुर्सी लेने पर आपत्ति जताई। बात बढ़ने पर उस युवक ने अरुण खटीक की कॉलर पकड़ ली और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया और नलिन पंडित के साथ लात-घूंसे से मारपीट कर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके दाहिने कंधे पर चोट आई। आरोप है कि जान से मारने की धमकी देते हुए हमलावरों ने कार पर पत्थर और डंडे मारे, जिससे कार के शीशे टूट गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद चार मोटरसाइकिलों से सवार युवक ग्वालियर बायपास तक पीछा करते रहे।
फरियादी का कहना है कि मारपीट करने वाले मेडिकल कॉलेज के छात्र थे और विवाद मेडिकल कॉलेज के बाहर सफेद एप्रन हटाने को लेकर हुआ।
पुलिस ने रात 8 बजे शिकायत पर 5 अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।


