प्रशासन एकादश ने पत्रकार एकादश को 27 रनो से हराया

0


 करैरा:- करैरा के टीला रोड स्थित स्टेडियम में पत्रकार एकादश और प्रशासन एकादश के बीच आयोजित मैत्री क्रिकेट मैच  आयोजित हुआ । जिसकी परिकल्पना करैरा एसडीएम अनुराग निंगवाल की थी।  निर्धारित 12 ओवर के इस रोमांचक मुकाबले में टॉस जीतकर प्रशासन एकादश ने पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया, जहां टीम की कप्तानी स्वयं एसडीएम अनुराग निंगवाल ने संभाली, वहीं पत्रकार एकादश की कमान सौरभ भार्गव के हाथों में रही। प्रशासन की ओर से ओपनिंग करने उतरे एसडीएम निंगवाल और करैरा जेलर सुनील शर्मा ने आक्रामक अंदाज़ में पारी की शुरुआत करते हुए पहले चार ओवरों में टीम का स्कोर 50 रन तक पहुंचा दिया, जिससे दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। एसडीएम निंगवाल के आउट होने के बाद भी जेलर सुनील शर्मा का बल्ला लगातार रन उगलता रहा और उन्हें करैरा बीएमओ नारायण कुशवाह का अच्छा साथ मिला, हालांकि रेंजर मीणा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। प्रशासन एकादश ने 12 ओवर में 7 विकेट खोकर 117 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया, जिसमें पत्रकार एकादश की ओर से देवेन्द्र परमार, महेश परिहार और शलभ तिवारी ने 2-2 विकेट लेकर सराहनीय प्रदर्शन किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार एकादश की शुरुआत पावर प्ले में अपेक्षाकृत धीमी रही, जहां प्रशासन ने चार ओवर में 50 रन बनाए थे, वहीं पत्रकार टीम केवल 23 रन ही जोड़ सकी, जिससे दबाव लगातार बढ़ता चला गया। ओपनर बल्लेबाज़ महेश परिहार और अमित दुबे ने पारी संभालने का प्रयास किया, लेकिन रनिंग बिटवीन द विकेट की सुस्ती के कारण महेश परिहार रन आउट हो गए, जो हार के प्रमुख कारणों में शामिल रहा। प्रशासन की ओर से रेंजर मीणा और नगर परिषद के अकाउंटेंट राजीव यादव ने बेहद सधी हुई गेंदबाज़ी कर रन गति पर प्रभावी अंकुश लगाया। मैच के आंकड़े भी अंतर स्पष्ट करते नजर आए, जहां पत्रकार एकादश ने 24 एक्स्ट्रा रन दे दिए, जबकि प्रशासन की टीम ने मात्र 8 अतिरिक्त रन दिए। अंततः पत्रकार एकादश 12 ओवर में 4 विकेट खोकर 90 रन ही बना सकी और प्रशासन एकादश ने 27 रनों से शानदार जीत दर्ज की। मैच के दौरान नगर परिषद वार्ड क्रमांक 3 की पार्षद शालिनी नीरज शर्मा द्वारा दोनों टीमों के लिए खान-पान एवं अन्य व्यवस्थाएं की गईं, जबकि पूरे खेल आयोजन का संचालन करैरा के अनुभवी ट्रेनर धर्मेंद्र बाबूजी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिन्होंने पिच निर्माण से लेकर रेफरी, फिज़ियो और खेल अनुशासन की भूमिका भी बखूबी निभाई। इस आयोजन को धरातल पर उतारने में पार्षद शालिनी नीरज शर्मा, नगर परिषद करैरा के सीएमओ गोपाल गुप्ता और सफाई कर्मचारियों की टीम का भी विशेष योगदान रहा। मैच की रोचक कमेंट्री प्रमोद जैन ने संभाली, वहीं बेंच पर बृजेश श्रीवास्तव, जितेंद्र बैस, राजेंद्र गुप्ता, सतीश परिहार, सोनू निगम, हिर्देश पाठक,दारा सिंह भदौरिया  और गजेंद्र कुशवाह सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे, साथ ही करैरा अंचल के प्रशासनिक अधिकारी भी इस आयोजन के साक्षी बने। मुकाबला समाप्त होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाकर खेल भावना का परिचय दिया, विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफियां प्रदान की गईं तथा शानदार 42 रनों की पारी खेलने वाले जेलर सुनील शर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। कुल मिलाकर यह मैत्री मैच एसडीएम अनुराग निंगवाल की उस सकारात्मक सोच का प्रतीक बना, जिसमें प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर तालमेल, पारदर्शिता और मित्रवत संबंध स्थापित करना मुख्य उद्देश्य रहा, और इस सोच को खेल के माध्यम से सफलतापूर्वक साकार किया गया।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top