जानकारी के अनुसार कुछ कुत्ते नवजात बच्चे के शव को ईदगाह परिसर में बने मदरसे के पास ले आए थे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों की नजर शव पर पड़ी। लोगों ने कुत्तों को भगाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि सोमवार दोपहर करीब 4 बजे एक संदिग्ध महिला ईदगाह परिसर में देखी गई थी, लेकिन उस समय किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। रात में घटना सामने आने के बाद आशंका जताई जा रही है कि उक्त महिला नवजात को फेंकने आई हो सकती है। इस संबंध में ईदगाह परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है, जिसमें एक संदिग्ध महिला दिखाई दे रही है।
प्रारंभिक जांच में नवजात लड़का बताया जा रहा है। कुत्तों द्वारा नोचे जाने के कारण उसकी नाभि पर गहरे घाव हैं, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बच्चे का जन्म अस्पताल में हुआ था या घर पर। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नवजात जन्म के समय मृत था या जन्म के बाद उसकी मौत हुई।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मामला अवैध गर्भ, सामाजिक दबाव या किसी अन्य कारण से जुड़ा है। फिलहाल देहात थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।


