अगर हमारे गांव में कचरा फेंकना है तो गाड़ियां हमारे ऊपर से निकालो

0


 -गांव में घुसने वाले रास्ते पर बैठे ग्रामीण, लौटाईं कचरा गाड़ियां

कोलारस समाचार रन्नौद नगर परिषद में ट्रंचिंग ग्राउंड का विवाद लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने शुक्रवार की सुबह वार्ड में घुसने वाले मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया, ताकि गांव में कोई वाहन प्रवेश न कर सके। ग्रामीणों ने सभी कचरा वाहनों को वहां से बिना कचरा फेंके ही लौटाया। यह पूरा विवाद देर शाम तक जारी रहा। 

उल्लेखनीय है कि कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी ने रन्नौद नगर परिषद का ट्रंचिंग ग्राउंड बनाने के लिए वार्ड क्रमांक-14 ग्राम सेसई में 10 बीघा जमीन आवंटित की है। इस जमीन पर नगर परिषद द्वारा लगातार कचरा फेंका जा रहा है। अब वहां कचरे का ढेर लगने पर इसके दुष्परिणाम सामने आने लगे हैं। एक ओर जहां ग्रामीणों में बीमारियों का प्रभाव देखने को मिलने लगा है तो वहीं दूसरी ओर कचरा खाने के कारण मवेशी भी बीमार होकर मौत के आगोश में समा रहे हैं। इसी के चलते बुधवार को जब रन्नौद तहसीलदार कल्याण जाटव ट्रंचिंग ग्राउंड का सीमांकन करने पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें वहां से बैरंग लौटा दिया। इसके बाद गुरूवार को वह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और जबरन ट्रंचिंग ग्राउंड का सीमांकन कर दिया। पुलिस बल के दवाब में किए गए सीमांकन का विरोध करने के लिए सैंकड़ा भर ग्रामीण कलेक्ट्रेट आए परंतु यहां से भी उन्हें कोई राहत मिलती नजर नहीं आई। इसी क्रम में जब शुक्रवार को ग्रामीण गांव में घुसने वाले मुख्य रास्ते पर बैठ गए, उन्होंने किसी भी कचरा वाहन को गांव में नहीं घुसने दिया। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना था कि गांव में अगर कचरा फेंकना है तो आपको हमारे ऊपर से गाड़ियां निकालकर कचरा फेंकना पड़ेगा। दिन भर चले मान मानोबल और समझाइश का ग्रामीणों पर कोई असर नहीं हुआ। कुल मिलाकर अभी विवाद जहां की तहां बना हुआ है और इस बात की संभावना कम ही नजर आ रही है कि ग्रामीण गांव में फिलहाल कचरा फेंकने दें।


गाड़ियों की हवा निकाली, मारपीट का किया प्रयास

जब दिन भर समझाइश के बाद भी बात नहीं बनी तो शाम को कोलारस से एसडीएम अनूप श्रीवास्तव गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें भी रोक दिया। हालांकि बाद में समझाइश के बाद उन्होंने एसडीएम को ट्रंचिंग ग्राउंड का निरीक्षण करने जाने दिया। बताया जा रहा है कि जब एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान यह कहा कि अच्छी जगह है यहीं पर कचरा फेंको, तो ग्रामीण भड़क उठे। उन्होंने एसडीएम तक को यह कह दिया कि वह उन्हें गांव से नहीं जाने देंगे। ग्रामीणों ने सरकारी गाड़ियों के टायरों की हवा निकाल दीं और शासकीय अमले पर हमले का प्रयास भी किया।


इनका कहना है

-ग्रामीणों को कुछ शरारती तत्वों ने भड़का दिया है। ट्रंचिंग ग्राउंड गांव से करीब 800 मीटर दूर है। वहां चार पांच माह से कचरा फिंक रहा है। हमने गांव वालों को समझाया है कि अगर आपने कानून हाथ में लिया तो आपके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न न करें। उन्होंने आज जो गाड़ियों के टायरों की हवा निकालीं, अमले पर हमले का प्रयास किया वह पूर्णत: अवैधानिक है। अगर वह नहीं माने तो आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अनूप श्रीवास्तव

एसडीएम कोलारस

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top