युवराज होटल में 20 वर्षीय छात्रा ने लगाई फांसी, युवक हिरासत में

0


 शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र स्थित युवराज होटल के एक कमरे में 20 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती को उसका मित्र गंभीर अवस्था में निजी एमएम हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और जांच शुरू कर दी गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेसई निवासी नैनसी राठौर जो शहर के एक शासकीय कॉलेज में अध्ययनरत थी, अपने ही गांव के रहने वाले अंकुश रावत के साथ युवराज होटल पहुंची थी। बताया जा रहा है कि होटल के कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद नैनसी ने कथित तौर पर फांसी लगा ली।


अंकुश रावत उसे तत्काल एमएम हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, लेकिन तब तक युवती की मौत हो चुकी थी। अस्पताल प्रबंधन को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिस पर उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने फिजिकल थाना पुलिस को जानकारी दी। 


फिजिकल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और अंकुश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती होटल तक किस कारण से पहुंची और आत्महत्या के पीछे क्या वजह रही। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।


वहीं पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद युवती के पिता राजू राठौर ने बताया कि नैनसी सुबह करीब 11 बजे फॉर्म भरने की बात कहकर घर से निकली थी। बाद में उसकी मौत की सूचना मिली। पिता ने बताया कि जिस युवक के साथ उसका नाम सामने आ रहा है, वह गांव का ही रहने वाला है और बाहर नौकरी करता है, हाल ही में गांव आया था। बेटी ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और युवक से पूछताछ के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top