शिवपुरी। शिवपुरी जिले की बदरवास तहसील के ग्राम सड़बूड़ में अवैध उत्खनन रोकने पहुंचे तहसीलदार सचिन भार्गव को कथित रूप से गोली मारने की धमकी देने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया।
जानकारी के अनुसार, तहसीलदार सचिन भार्गव राजस्व अमले के साथ ग्राम सड़बूड़ में अवैध उत्खनन की शिकायत पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अभद्र व्यवहार किया और कथित रूप से धमकी देते हुए कहा, "सर मान जाओ, नहीं तो जेल चला जाऊंगा, गोली मार दूंगा।"
घटना के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों के अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, अधिकारियों को धमकाने और अवैध उत्खनन जैसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


