जानकारी के मुताबिक कोतवाली पुलिस को सोशल मीडिया पर सक्रिय इस ग्रुप की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पता चला कि ग्रुप में शामिल कुछ किशोर और युवा छोटी-छोटी बातों पर विवाद होने पर इसी ग्रुप के जरिए एक-दूसरे को बुलाते थे और झगड़े की स्थिति बन जाती थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्रुप से जुड़े युवकों को थाने बुलाया। पुलिस ने उनसे पूछताछ की और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस अधिकारियों ने युवकों को समझाया कि सोशल मीडिया का गलत उपयोग कानूनन अपराध की श्रेणी में आ सकता है और इससे उनका भविष्य भी प्रभावित हो सकता है। साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों की गतिविधियों पर ध्यान रखने की सलाह दी गई।
कोतवाली पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर भविष्य में कोई युवक सोशल मीडिया के माध्यम से विवाद या झगड़ा भड़काने की कोशिश करता पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


