करैरा थाना प्रभारी विनोद छावई के अनुसार फरियादी नीरज गुप्ता (45) निवासी देवनगर करैरा ने 11 जनवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी श्रीराम मोबाइल दुकान कच्ची गली गोलम्बर के पास स्थित है। 10 जनवरी की रात दुकान बंद कर घर जाने के बाद जब अगली सुबह दुकान खोली तो शटर के दोनों ताले टूटे मिले और अंदर से स्मार्टफोन, सीसीटीवी कैमरा व डीवीआर सहित अन्य सामान गायब था। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले और एसडीओपी डॉ. आयुष जाखड़ के मार्गदर्शन में करैरा पुलिस ने मुखबिर सूचना पर 27 मार्च को सिल्लारपुर चौराहे से एक नाबालिग को पकड़ा, जो चोरी के मोबाइल बेचने की फिराक में था।
तलाशी में उसके पास से रेडमी कंपनी का मोबाइल मिला। पूछताछ में उसने श्रीराम मोबाइल दुकान में चोरी करना कबूल कर लिया। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने कुल 31 मोबाइल फोन चोरी कर जुझाई नर्सरी में छुपा रखे हैं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात से एक दिन पहले दोपहर में दुकान पर गया था और वहां से चाबी चुरा ली थी। इसके बाद रात करीब 4 बजे दुकान पर पहुंचकर आराम से ताला खोलकर चोरी को अंजाम दिया।
पकड़ा गया आरोपी सिरसौद गांव का रहने वाला 17 वर्षीय नाबालिग है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।



