शिवपुरी शहर के गुना बायपास स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब एक आटा फैक्ट्री में अचानक आग भड़क गई। आग की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड और देहात थाना पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार अर्पित बंसल की फैक्ट्री में गेहूं से आटा तैयार कर उसकी पैकिंग का काम किया जाता है। शुक्रवार सुबह अज्ञात कारणों के चलते फैक्ट्री में आग लग गई। आसपास के लोगों ने धुआं उठता देख फैक्ट्री संचालक को सूचना दी, जिसके बाद तुरंत प्रशासन को खबर दी गई।
मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कुछ समय बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया। इस हादसे में फैक्ट्री में रखा माल जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी में करीब 3 से 4 लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। हालांकि यदि मशीनरी को भी नुकसान पहुंचा होगा तो यह आंकड़ा और बढ़ सकता है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।



