जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र सांखले (31), निवासी बड़ी सिफा नहर, जिला सीहोर के रूप में हुई है। धर्मेंद्र पिछले कुछ दिनों से शिवपुरी के नक्षत्र गार्डन में टेंट लगाने की मजदूरी करने आया हुआ था।
चार दिन पहले, आरोपी सर्किट हाउस के पास काली माता मंदिर के पास राहगीरों और स्थानीय लोगों के साथ अभद्रता कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक सरेराह लोगों को गालियां दे रहा था और उपद्रव मचा रहा था, जिससे इलाके में दहशत और नाराजगी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को नियंत्रित कर थाने ले आई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध शांति भंग करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
अपराधियों में खौफ और जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करने के उद्देश्य से, पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र को पैदल जुलूस की शक्ल में शहर से ले जाते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।


