जानकारी के अनुसार नाई की बगिया निवासी पीड़ित रामनिवास शर्मा (65) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 8 मार्च की दोपहर वह अपने परिवार के साथ कार से माधव चौक से ग्वालियर बायपास की ओर जा रहे थे। मधुरम स्वीट्स के पास एक इलेक्ट्रिक स्कूटी उनकी कार से टकरा गई। जब कार सवारों ने इसका विरोध किया, तो स्कूटी सवार अरबाज खान और उसके साथियों ने विवाद शुरू कर दिया।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने रामनिवास शर्मा और उनके बेटे संयोग पाराशर के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई बहू सोनम शर्मा के साथ भी धक्का-मुक्की की गई, जिससे उनके कान का सोने का टॉप्स गिरकर कहीं खो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 171/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया है।
पुलिस ने आरोपी अरबाज खान और इसरार खान को गिरफ्तार कर लिया। आम जनता के बीच अपराधियों का खौफ कम करने के लिए पुलिस ने दोनों आरोपियों का जुलूस निकालते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी तोहिद उर्फ गब्बर खान अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि शहर की शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


