ग्राम पंचायत गोहरी में जल संवर्धन अभियान का हुआ शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों ने दिया संरक्षण का संदेश

0


 कोलारस ! कोलारस जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत गोहरी में जल संवर्धन अभियान का भव्य शुभारंभ जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह चौहान द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि जल ही जीवन का आधार है और इसे सहेजना हम सभी की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीईओ दिनेश शाक्य, आरके शर्मा उपयंत्री धर्मेंद्र शर्मा, सचिव महेश ओझा, सरपंच एवं रोजगार सहायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया।अभियान के तहत गांव में जल स्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, तालाबों की सफाई एवं गहरीकरण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही गई। साथ ही ग्रामीणों को जल के विवेकपूर्ण उपयोग और अपव्यय रोकने के लिए प्रेरित किया गया।

जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि यदि हम आज से ही जल बचाने की दिशा में गंभीर प्रयास करें, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संकट को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने सभी ग्रामीणों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने जल संरक्षण का संकल्प लेते हुए गांव को जल समृद्ध बनाने का भरोसा दिलाया। यह पहल निश्चित रूप से ग्राम पंचायत गोहरी में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top