गैस के बढ़ते दामों पर PM का मखौल उड़ाना पड़ा महंगा, विधायक की शिकायत पर DEO ने शिक्षक को किया सस्पेंड

0

 


गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करना शिवपुरी जिले के एक शिक्षक को भारी पड़ गया। भाजपा विधायक की शिकायत के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने टीचर साकेत पुरोहित को सस्पेंड कर दिया है।


मामला पोहरी विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय आदिवासी मोहल्ला सेमरखेड़ी (संकुल केंद्र बैराड़) का है, जहां साकेत पुरोहित प्राथमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं।


साकेत ने हाल ही में एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करते हुए गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों पर कटाक्ष किया था। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामला अधिकारियों तक पहुंचा।


मामला तूल पकड़ने के बाद पिछोर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रीतम लोधी ने जिला शिक्षा अधिकारी से इसकी शिकायत की। उन्होंने अपने शिकायत पत्र में शिक्षक पर जनप्रतिनिधि की मिमिक्री करते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया।


विधायक ने कहा कि इससे समाज में गलत संदेश जा रहा है और यह शासकीय सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है।


शिकायत की जांच के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक साकेत पुरोहित के कृत्य को प्रथम दृष्टया मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 के उपनियम (1), (2) एवं (3) का उल्लंघन पाया। इसके परिणामस्वरूप, मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान साकेत पुरोहित का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बदरवास निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी दिया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।


जिसकी जानकारी मीडिया को आज शनिवार की सुबह 9 बजे लगी है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top