शिवपुरी, सामान्य वनमण्डल शिवपुरी के अंतर्गत अतिक्रमण निरोधी मुहिम के तहत वन परिक्षेत्र कोलारस की सबरेंज खरई दक्षिण में प्रभावी कार्रवाई की गई। बीट कोटानाका-अ (कक्ष क्रमांक पीएफ 1190) एवं बीट कोटानाका-ब (कक्ष क्रमांक पीएफ 1191) की वन भूमि पर लगभग 10 वर्षों से अधिक समय से किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।
सामान्य वन मण्डल शिवपुरी ने बताया कि संबंधित अतिक्रमणकर्ता द्वारा लगभग 50 बीघा वन भूमि पर अवैध रूप से खेती की जा रही थी। प्रकरण में आवश्यक दस्तावेजी एवं वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण किए जाने के पश्चात सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी बेदखली आदेश के पालन में वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एवं वन परिक्षेत्राधिकारी कोलारस के नेतृत्व में वन अमले द्वारा की गई। कार्रवाई के दौरान 2 जेसीबी मशीन एवं 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली की सहायता से अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराते हुए कंटूर ट्रेंच खुदाई कराई गई। मौके पर पाए गए एक कुंए को भी भर दिया गया।
वन विभाग द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को समझाइश दी गई कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

