शिवपुरी शहर में यातायात पुलिस ने बुधवार देर शाम बिना नंबर प्लेट वाले दोपहिया वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान शहर के विभिन्न चौराहों से 25 बाइक और स्कूटी जब्त की गईं, जिन्हें यातायात थाने लाया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में नाबालिग और स्कूली बच्चे बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाते हुए पाए गए।
यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बुधवार रात 10 बजे बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई की जा रही है। जब्त किए गए सभी वाहन चालकों को यातायात थाने में नंबर प्लेट लगाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद उन्हें समझाइश देकर छोड़ा गया।
यादव ने आगे कहा कि बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने से अपराध या सड़क दुर्घटना की स्थिति में वाहन की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए, शहर में आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

