राजस्थान में गौवंश मौतों पर फूटा आक्रोश गौ सेवक कल्लू महाराज ने उठाई CBI जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

0


 राजस्थान में कथित रूप से हजारों गौवंश की मौत के मामले ने देशभर के गौ भक्तों और गौ सेवकों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। इस गंभीर मामले को लेकर गौ सेवक कल्लू महाराज ने राजस्थान सरकार और केंद्र सरकार पर तीखे सवाल उठाते हुए पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जिम्मेदार अधिकारियों और गौशाला संचालकों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो देशभर में बड़ा जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।


कल्लू महाराज ने आरोप लगाया कि राजस्थान की कई गौशालाएं केवल कागजों और सरकारी फाइलों तक सीमित होकर रह गई हैं। गौ माता के नाम पर करोड़ों और अरबों रुपये का बजट खर्च दिखाया जाता है, लेकिन जमीनी स्तर पर गौवंश को न पानी मिलता है और न ही पर्याप्त चारा। इसी लापरवाही के कारण हजारों गौवंश तड़प-तड़प कर दम तोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि “गौ माता केवल एक पशु नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, आस्था और सनातन परंपरा का प्रतीक हैं।”


उन्होंने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भावुक अपील करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों, गौशाला संचालकों एवं संबंधित विभागीय कर्मचारियों को तत्काल निलंबित कर जेल भेजा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शासन-प्रशासन की नाक के नीचे गौ तस्करी और गौवंश के साथ अत्याचार लगातार जारी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मौन बने हुए हैं।


कल्लू महाराज ने यह भी दावा किया कि राजस्थान के कई क्षेत्रों में 5 किलोमीटर तक गौवंश मृत अवस्था में पड़े मिले हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर गौवंश को जंगलों में फेंका जा रहा है और उन वाहनों पर “जय गौ माता नगर निगम गौशाला राजस्थान” तक लिखा हुआ देखा गया। इस दृश्य ने गौ भक्तों की भावनाओं को झकझोर कर रख दिया है।


उन्होंने कहा कि यदि शासन-प्रशासन चाहता, तो गौ तस्करों की हिम्मत कभी नहीं होती कि वे गौ माता की ओर आंख उठाकर भी देखें। लेकिन पैसों और भ्रष्टाचार के कारण गौ संरक्षण की व्यवस्था कमजोर पड़ती जा रही है। उन्होंने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि “अब देशभर के गौ सेवक एकजुट होकर गौ माता बचाओ अभियान चलाएंगे और गौवंश पर अत्याचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”


कल्लू महाराज ने सभी भारतवासियों से भी आगे आने की अपील करते हुए कहा कि गौ माता राष्ट्र की आत्मा हैं और उनकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यह केवल राजस्थान का मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे देश की आस्था और संस्कृति से जुड़ा विषय है। अब समय आ गया है कि सरकारें केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कठोर कार्रवाई करें ताकि गौवंश पर हो रहे अत्याचार पूरी तरह बंद हो सकें।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top