जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे ने टीम गठित की थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन माल गोदाम रोड पर एक युवक स्मैक बेचने की नीयत से खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल पाण्डे उर्फ समर पाण्डे निवासी लुधावली कब्रिस्तान रोड थाना देहात शिवपुरी बताया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 15.98 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही स्मैक जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 412/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ मारपीट, आबकारी एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से स्मैक के सप्लायर और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित दुबे, उपनिरीक्षक सुमित शर्मा, उपनिरीक्षक भावना राठौर सहित कोतवाली पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।


