अपहरण मामले में दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी से अवैध पिस्टल बरामद

0


 शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने अपहरण और मारपीट के सनसनीखेज मामले में कार्रवाई करते हुए 5-5 हजार रुपये के इनामी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान से एक अवैध देशी पिस्टल और जिंदा राउंड भी जब्त किया गया है।


पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 को फरियादिया नीलम पत्नी तृप्तेश गुहरिया निवासी एसपीएस स्कूल के सामने शिवपुरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी पिछले तीन वर्षों से पुष्पेंद्र चौहान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों की एक तीन माह की बच्ची भी है। आरोप है कि अक्टूबर 2025 से परेशान किए जाने के कारण युवती शिवपुरी आकर रहने लगी थी।


रिपोर्ट में बताया गया कि 8 मई की रात करीब 8:30 बजे पुष्पेंद्र चौहान अपने 8 से 10 साथियों के साथ फरियादिया के घर पहुंचा और युवती को जबरन अपने साथ ले गया। विरोध करने पर आरोपियों ने फरियादिया और उसके पति के साथ डंडों से मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले तथा नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी टीआई रोहित दुबे ने अलग-अलग टीमें गठित कीं।


तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान को पड़ोरा पुल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ के दौरान आरोपी से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की अवैध देशी पिस्टल और जिंदा राउंड बरामद किए गए।


जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों टिंकल पुत्र घनश्याम सोलंकी निवासी अमोला और राजा पुत्र छोटेलाल कुशवाह निवासी करैरा को भी शिवपुरी के पोलो ग्राउंड क्षेत्र से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित था।


पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं मुख्य आरोपी पुष्पेंद्र चौहान पुलिस रिमांड पर है और उससे अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ जारी है।


पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी रोहित दुबे सहित कोतवाली थाना स्टाफ और साइबर सेल शिवपुरी की विशेष भूमिका रही।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top