कोलारस। भीषण गर्मी के दौर में आमजन को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से आज सोमवार को जनपद पंचायत कोलारस प्रांगण में नवीन वाटर कूलर का शुभारंभ किया गया। जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने फीता काटकर वाटर कूलर का उद्घाटन किया। इस पहल से जनपद पंचायत, तहसील, कोर्ट एवं रजिस्टर ऑफिस में प्रतिदिन आने-जाने वाले नागरिकों को शीतल एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह चौहान ने कहा कि “जल ही जीवन है” और भीषण गर्मी में लोगों को ठंडा एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध कराना सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्य आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीईओ दिनेश शाक्य, उपयंत्री सहित जनपद पंचायत का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सभी ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे आम नागरिकों के लिए उपयोगी कदम बताया।
गौरतलब है कि गर्मी के बढ़ते तापमान को देखते हुए सरकारी कार्यालयों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पहुंचने वाले लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में जनपद पंचायत परिसर में लगाए गए इस नवीन वाटर कूलर से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। स्थानीय नागरिकों ने भी इस सराहनीय कार्य के लिए जनपद पंचायत प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।


