जानकारी के अनुसार, पंकज शर्मा और उसका चचेरा भाई कान्हा शर्मा रोज की तरह खेड़ापति हनुमान मंदिर से दर्शन कर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे जब वे आईटीबीपी गेट के पास पहुंचे, तभी एक डंपर अचानक बैक करते हुए उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हादसा नो एंट्री में घुसे डंपर के कारण हुआ। गुना बायपास पर हाइट लिमिट पोल लगे होने की वजह से डंपर चालक वाहन को तेजी से पीछे की ओर ला रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दोनों भाई उसकी चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों भाइयों ने डंपर चालक को जोर-जोर से आवाज भी दी, लेकिन चालक ने आवाज नहीं सुनी और यह दर्दनाक हादसा हो गया।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


