पीड़िता आरती भार्गव पत्नी स्वर्गीय मनोज भार्गव, निवासी लुधावली वार्ड क्रमांक 17 शिवपुरी ने बताया कि उनके पति मनोज भार्गव ऑटो चालक थे। 10 मार्च 2026 की सुबह करीब 5 बजे ग्राम बूढ़ा डोंगर, थाना बदरवास क्षेत्र में एक ट्रक की टक्कर से उनकी दर्दनाक मौत हो गई थी।
आरती भार्गव का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस ने उनका बयान तक दर्ज नहीं किया और बिना परिवार की अनुमति के पोस्टमार्टम करा दिया गया। इतना ही नहीं, मामले में अज्ञात वाहन के नाम एफआईआर दर्ज कर दी गई, जबकि ट्रक चालक स्वयं थाने पहुंचकर हादसा होना स्वीकार कर चुका था। इसके बावजूद पुलिस ने न तो ट्रक जब्त किया और न ही चालक के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की।
पीड़िता ने आवेदन में यह भी बताया कि पिछले एक महीने से उन्हें लगातार थाने बुलाया जा रहा है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है। कार्रवाई नहीं होने से वह मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं। मृतक परिवार में एक छोटी बच्ची भी है, जिसके पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी अब आरती भार्गव पर आ गई है।
पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर उनके बयान दर्ज किए जाएं, संबंधित ट्रक को जब्त किया जाए तथा आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मामले को लेकर क्षेत्र में भी पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।


