2,150 पोलियो बूथ, 56 ट्रांजिट बूथ एवं 40 मोबाइल टीमें रहेंगी तैनात
पल्स पोलियो जागरूकता रैली निकाली
शिवपुरी/ कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर के नेतृत्व में जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन 28 से 30 जून 2026 तक किया जाएगा। अभियान के प्रथम दिवस 28 जून (रविवार) को जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा पिलाई जाएगी। जिले में 2,65,395 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जागरूकता रैली निकालकर किया जनजागरण
अभियान के सफल संचालन एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से शनिवार को जिला चिकित्सालय शिवपुरी से जागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली जिला चिकित्सालय से प्रारंभ होकर राजेश्वरी रोड, गुरुद्वारा चौराहा, माधव चौक एवं कोर्ट रोड होते हुए एएनएम प्रशिक्षण केंद्र पहुंचकर संपन्न हुई।
2,150 बूथों पर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय ऋषीश्वर ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में 2,150 पोलियो बूथ, 56 ट्रांजिट बूथ तथा 40 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। ट्रांजिट बूथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर संचालित किए जाएंगे, जबकि मोबाइल टीमें घुमंतू परिवारों, सड़क निर्माण स्थलों, क्रेशर एवं ईंट-भट्टों पर रहने वाले प्रवासी परिवारों के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान में लगभग 4,300 कर्मचारी एवं 220 सुपरवाइजर अपनी सेवाएं देंगे। अभियान की सतत निगरानी जिला प्रशासन एवं विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा की जाएगी।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रोहित भदकारिया ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे 28 जून को अपने जन्म से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं तथा उन्हें पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा अवश्य पिलवाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस राष्ट्रीय अभियान से वंचित न रहे।


