शिवपुरी, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद पंचायत पिछोर में 16 से 18 जून तक आयोजित तीन दिवसीय विकासखंड स्तरीय जनकल्याण शिविर का गुरुवार को सफल समापन हुआ। समापन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 5 हजार 858 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5 हजार से अधिक आवेदनों का निराकरण किया गया तथा शेष प्रकरणों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है।
पात्र हितग्राहियों को वितरित किए गए हितलाभ एवं स्वीकृति पत्र
समापन कार्यक्रम में विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन योजना के 22 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र दिए गए। आजीविका मिशन अंतर्गत अहिल्या स्वसहायता समूह कोटरा को 6 लाख रुपए, बजरंग स्वसहायता समूह छिरबाहा को 1.50 लाख रुपए तथा अवंती बाई समूह उमरीकला को 3 लाख रुपए की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा 18 नागरिकों को मौके पर जाति प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत पांच हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपए की सहायता राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। शिविर में दिव्यांग हितग्राही खलका आदिवासी को ट्राइसाइकिल एवं जाति प्रमाण-पत्र प्रदान कर लाभान्वित किया गया।
चित्रकला एवं कुकिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
शिविर में शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, योग एवं जल गंगा संवर्धन जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने आकर्षक चित्र प्रस्तुत किए। साथ ही छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण भी किया गया। स्वसहायता समूहों की महिलाओं के लिए आयोजित कुकिंग प्रतियोगिता में 30 समूहों की महिलाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में खाती बाबा स्वयं सहायता समूह की निशा गुप्ता ने प्रथम, रामराजा स्वसहायता समूह गढ़ोइया की राजकुमारी परिहार ने द्वितीय तथा स्वसहायता समूह बदरखा की रानी पाराशर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को क्रमशः 5 हजार, 3 हजार एवं 2 हजार रुपए की पुरस्कार राशि तथा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ममता शाक्य ने जनकल्याण शिविरों की उपलब्धियों एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एन.एस. नरवरिया ने सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।


