मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने आए बुजुर्ग की जेब कटी, ₹10 हजार नकद लेकर फरार हुए जेबकतरे

0


 जिला अस्पताल में भर्ती बीमार बुजुर्ग चार दिन बाद पहली बार बाहर निकले थे, अस्पताल लौटने पर हुई घटना की जानकारी, कोतवाली में शिकायत


शिवपुरी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे एक बीमार बुजुर्ग जेबकतरों का शिकार हो गए। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाश उनकी जेब से ₹10 हजार नकद पार कर ले गए। हैरानी की बात यह रही कि बुजुर्ग को घटना की भनक तक नहीं लगी। जब वह वापस जिला अस्पताल पहुंचे और अपने बिस्तर पर लेटे, तब जेब टटोलने पर उन्हें पैसे गायब होने का पता चला। इसके बाद उन्होंने अपने बेटे को पूरी घटना की जानकारी दी और दोनों कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने पहुंचे।


जानकारी के अनुसार पीड़ित बुजुर्ग पिछले चार दिनों से जिला अस्पताल में भर्ती हैं और बीमारी का उपचार चल रहा है। शनिवार को वे मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अस्पताल से बाहर गए थे। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान किसी अज्ञात जेबकतरे ने उनकी जेब काटकर उसमें रखे ₹10 हजार नकद निकाल लिए।


कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बुजुर्ग वापस जिला अस्पताल लौट आए। अस्पताल में अपने बिस्तर पर पहुंचने के बाद जब उन्होंने जेब में रखे पैसे निकालने चाहे, तब जेब कटी हुई मिली और नकदी गायब थी। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल अपने बेटे को फोन कर घटना की जानकारी दी।


बेटे के अस्पताल पहुंचने के बाद दोनों सीधे कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। पुलिस ने शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कार्यक्रम स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि जेबकतरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।


गौरतलब है कि बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों में अक्सर जेबकतरे सक्रिय हो जाते हैं और भीड़ का फायदा उठाकर लोगों को अपना निशाना बनाते हैं। ऐसे आयोजनों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद इस तरह की घटनाएं लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। पीड़ित बुजुर्ग ने पुलिस से उनकी मेहनत की कमाई वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top