शिवपुरी को मिली नई औद्योगिक पहचान: ₹2,500 करोड़ के अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास

0

 


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया भूमिपूजन, ₹211 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी संपन्न

शिवपुरी। मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में शनिवार को शिवपुरी ने एक नया इतिहास रच दिया। शहर के पोलो ग्राउंड में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने लगभग ₹2,500 करोड़ की लागत से स्थापित होने वाले अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के अत्याधुनिक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का विधिवत शिलान्यास किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से शिवपुरी न केवल मध्यप्रदेश बल्कि देश के रक्षा उत्पादन क्षेत्र में भी एक महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के विकास को नई गति देते हुए ₹211 करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और शिवपुरी में स्थापित होने वाला यह डिफेंस एवं एयरोस्पेस प्लांट हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा। इससे स्थानीय उद्योग, व्यापार और आधारभूत संरचना को भी नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अदाणी समूह द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी स्थल का अवलोकन किया। यहां आधुनिक रक्षा तकनीक से जुड़े अत्याधुनिक हथियारों, रक्षा उपकरणों एवं एयरोस्पेस मॉडल का प्रदर्शन किया गया, जिसे अतिथियों ने गहरी रुचि के साथ देखा और देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी में यह निवेश क्षेत्र के विकास का नया अध्याय लिखेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया के विजन को साकार करने में यह परियोजना मील का पत्थर साबित होगी। रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी निर्माण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को आधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर प्राप्त होंगे।

कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन, करैरा विधायक रमेश खटीक, कोलारस विधायक महेन्द्र सिंह यादव, पिछोर विधायक प्रीतम लोधी, अदाणी समूह के निदेशक करण अदाणी, जीत अदाणी, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान पूरे पोलो ग्राउंड में उत्साह का माहौल देखने को मिला। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रदेश में बढ़ते औद्योगिक निवेश का स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई तथा शिवपुरी को औद्योगिक, आर्थिक और रोजगार की दृष्टि से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।

विशेषज्ञों का मानना है कि अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस का यह प्लांट शिवपुरी की तस्वीर और तकदीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगा। इससे प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार सृजित होंगे, स्थानीय व्यापार को गति मिलेगी और क्षेत्र में निवेश का नया वातावरण तैयार होगा। आने वाले वर्षों में शिवपुरी प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक और रक्षा निर्माण केंद्रों में अपनी अलग पहचान बनाने की ओर अग्रसर होगा। 

इधर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के भाषण चल रहे थें और उधर से एक पंडाल से पूरे लोग अपनी-अपनी जगह से कुर्सी छोड़कर भाग खड़े हुए ऐसा क्या कारण रहा कि लोगों को कुर्सी छोड़कर भागना पड़ा क्या ये झूठी घोषणायें सुनना पसंद नहीं कर रहे थे इनको जबरदस्ती लाया गया था या बीजेपी से नाखुश है

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top