शिवपुरी। 5 जुलाई को शिवपुरी के पोलोग्राउंड में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर जिलेभर में जनसंपर्क अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाले इस समारोह में cm मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा कोलारस विकासखंड के पगारा गांव में स्थापित होने वाले मैन्युफैक्चरिंग उद्योग का भूमिपूजन किया जाएगा। इसे शिवपुरी जिले के औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इसी क्रम में आज प्रदेश शासन के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर वार्ड क्रमांक 33 इस्माइल खान पार्षद के घर पहुंचे, जहां उन्होंने पार्षद इस्माइल खान के निवास पर क्षेत्रीय नागरिकों से मुलाकात की। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने वार्डवासियों को 5 जुलाई को पोलोग्राउंड में आयोजित होने वाले भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम में सपरिवार शामिल होने का आत्मीय निमंत्रण दिया और कहा कि यह आयोजन शिवपुरी के विकास के इतिहास में एक नई इबारत लिखेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने वार्डवासियों से संवाद करते हुए कहा कि जिले में आने वाला यह औद्योगिक निवेश विकास, रोजगार और आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खोलेगा। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनने की अपील की।
मंडी डायरेक्टर इब्राहिम खान नेताजी एवं वार्ड क्रमांक 33 के पार्षद इस्माइल खान ने प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का पुष्पमाला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान वार्ड के अनेक गणमान्य नागरिक, इकबाल खान, इलियास खान, उस्मान खान,लुकमान खान, जुबेर खान, जकरिया खान, जावेद खान, कलाम खान, इसूफ खान एवं वरिष्ठजन, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री ने वार्डवासियों द्वारा दिए गए स्नेह और सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया तथा जनसंपर्क अभियान में सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं की भी सराहना की।
जनसंपर्क कार्यक्रम पूरे समय उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित नागरिकों ने भी 5 जुलाई को होने वाले ऐतिहासिक भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने का विश्वास दिलाया। जिलेभर में चल रहा यह आमंत्रण अभियान कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह और सहभागिता को लगातार बढ़ा रहा है।


