पैरालीगल वालेंटियर्स को कोर्ट केस ऑनलाइन देखने और साइबर ठगी से बचने का दिया प्रशिक्षण

0


 जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी ने किया एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन


शिवपुरी, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी द्वारा गुरूवार को एडीआर भवन शिवपुरी के सभाकक्ष में पैरालीगल वालेंटियर्स के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।


कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश शिवपुरी अशोक कुमार शर्मा, तृतीय जिला न्यायाधीश दिनेश कुमार शर्मा और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रंजना चतुर्वेदी उपस्थित रहीं। इस प्रशिक्षण में जिला मुख्यालय शिवपुरी और तहसील विधिक सेवा समिति करेरा, पिछोर, पोहरी, कोलारस तथा खनियाधाना में सूचीबद्ध पैरालीगल वालेंटियर्स को दो महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।


जिला न्यायालय शिवपुरी के सिस्टम असिस्टेंट प्रवंक प्रताप सिंह परमार ने प्रजेंटेशन के माध्यम से पैरालीगल वालेंटियर्स को कोर्ट इन्फॉर्मेशन सिस्टम (सीआईएस) की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी मुकदमे की अगली तारीख ऑनलाइन कैसे देखें, कोर्ट के दस्तावेज या उनकी नकल ऑनलाइन कैसे प्राप्त करें और मुकदमे में शामिल पक्षकारों की मदद के लिए प्रकरण की जानकारी कैसे निकालें। इससे पैरालीगल वालेंटियर्स आम लोगों को उनके मुकदमों की जानकारी आसानी से दे सकेंगे और उन्हें बार-बार कोर्ट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।


साइबर ठगी से कैसे बचें

साइबर सेल शिवपुरी के प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह जाट ने साइबर सुरक्षा पर प्रजेंटेशन दिया। उन्होंने बताया कि आजकल ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। फर्जी कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी मांगकर और लालच देकर लोगों के बैंक खाते खाली किए जा रहे हैं। उन्होंने पैरालीगल वालेंटियर्स को बताया कि अनजान नंबर से आई कॉल पर अपनी बैंक जानकारी न दें, किसी भी लिंक पर बिना जांचे क्लिक न करें और साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें।


कार्यक्रम के समापन पर सचिव रंजना चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पैरालीगल वालेंटियर्स से कहा कि प्रशिक्षण में मिली जानकारी को अपने इलाके के आम लोगों तक जरूर पहुंचाएं ताकि वे भी इसका फायदा उठा सकें।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top