नशे से दूरी है जरूरी: पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने युवाओं को किया जागरूक, खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित

0


 शिवपुरी। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से बुधवार को शिवपुरी के फिजिकल ग्राउंड पर "नशे से दूरी है जरूरी" अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में फिजिकल ग्राउंड पर नियमित अभ्यास करने वाले युवक-युवतियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं और खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

जागरूकता कार्यक्रम के साथ ही युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप सहित विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी खेलों में निरंतर मेहनत करने और प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर एसडीओपी, फिजिकल थाना प्रभारी, देहात थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और अपने आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की।

कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया और विश्वास दिलाया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे। पुलिस विभाग की इस पहल की युवाओं और उपस्थित नागरिकों ने सराहना करते हुए इसे समाज हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top