शिवपुरी। 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के अंतर्गत आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित शिवपुरी रेलवे स्टेशन का 17 जुलाई को भव्य लोकार्पण संपन्न हुआ। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपराह्न 3:40 बजे इस पुनर्विकसित स्टेशन का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस अवसर पर शिवपुरी स्टेशन परिसर में दोपहर 2:00 बजे से गरिमामयी समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, पुरस्कार वितरण और शार्ट फिल्म का प्रदर्शन हुआ।
समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैश्विक नेतृत्व की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज हम बेहद सौभाग्यशाली हैं कि हमारे पास नरेंद्र मोदी जी जैसे प्रधानमंत्री हैं। देश की आजादी के बाद से लेकर आज तक यदि विश्व भर में दूसरे देशों के सर्वोच्च सम्मान से किसी प्रधानमंत्री को सबसे ज्यादा नवाजा गया है, तो वे भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। दुनिया के 50 से अधिक देशों ने उन्हें अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया है, जो पूरे देश के लिए गौरव की बात है। आज पूरे विश्व को नेतृत्व देने की अद्भुत क्षमता केवल नरेंद्र मोदी जी में ही है।
रेलवे नेटवर्क के विस्तार पर बात करते हुए विधायक जैन ने कहा कि आज हमारी भारतीय रेलवे दुर्गम पहाड़ियों, पर्वतों और दुर्गम नालों को पार करते हुए चीन बॉर्डर तक (अरुणाचल, असम और मेघालय) पहुँच चुकी है। शिवपुरी के रेल इतिहास को याद करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे शिवपुरी की रेल का शुभारंभ ज्योतिरादित्य सिंधिया जी के पूज्य पिताजी (बड़े महाराज) ने करवाया था, और आज यह हमारा सौभाग्य है कि उनके सुपुत्र और हमारे सांसद व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से शिवपुरी को लगभग ₹20 करोड़ की लागत से इतना भव्य और आधुनिक स्टेशन मिला है।
उन्होंने सिंधिया जी की कार्यशैली की तारीफ करते हुए कहा कि देश की 543 लोकसभा सीटों में औसतन सात लोकसभा क्षेत्रों पर केवल एक स्टेशन स्वीकृत हुआ है, लेकिन हमारे सांसद जी की विकास के प्रति प्रतिबद्धता देखिए कि वे अपने संसदीय क्षेत्र के लिए दो-दो अमृत स्टेशन (शिवपुरी और अशोकनगर) लेकर आए हैं। यह साबित करता है कि वे अपने क्षेत्र के विकास के लिए कितने चिंतित रहते हैं। यह आधुनिक स्टेशन अब शिवपुरी में पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को एक नई रफ्तार देगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष जसवंत जाटव, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव, नगर पालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा, कलेक्टर अर्पित वर्मा, जिला पंचायत सीईओ विजय राज, रेलवे अधिकारी अनुपम अवस्थी एवं भूटिया जी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, विद्यार्थी और यात्रीगण उपस्थित रहे।


