शिवपुरी, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के अभियान के तहत खनियाधाना नगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पिछोर ममता शाक्य एवं मुख्य नगर परिषद अधिकारी खनियाधाना आशुतोष त्रिपाठी के संयुक्त मार्गदर्शन में नगर के प्रमुख मार्गों और नालियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए।
कार्रवाई के दौरान बस स्टैंड से बाजार की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से लगाए गए ठेले, स्टॉल एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अलावा तालाब रोड पर नालियों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। नगर परिषद द्वारा संबंधित अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर नगर परिषद की टीम ने बुलडोजर की सहायता से अतिक्रमण हटाया।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक सड़क, नालियों और अन्य सरकारी भूमि पर अतिक्रमण न करें तथा नगर की स्वच्छता, सुव्यवस्थित यातायात और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए प्रशासन का सहयोग करें।


