प्रतियोगिताओं, देशभक्ति गीतों और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का समापन

0

 


तीन दिनों में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और नागरिक हुए शामिल, योजनाओं और देशभक्ति का मिला संदेश


शिवपुरी,   भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय भोपाल द्वारा जिला प्रशासन शिवपुरी के सहयोग से शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिवपुरी में आयोजित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का समापन प्रश्नोत्तरी, भाषण प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।


प्रदर्शनी में सेवा सुशासन के 12 वर्ष, विकसित भारत जीरामजी और कारगिल विजय दिवस विषयों पर आकर्षक चित्रों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकसित भारत के संकल्प और भारतीय सेना के साहस और बलिदान को दर्शाया गया। तीनों दिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा, महिलाएं और आम नागरिक प्रदर्शनी देखने पहुंचे और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।


समापन अवसर पर महाविद्यालय प्राध्यापक डॉ. महेंद्र कुमार, वरिष्ठ पत्रकार डॉ. भूपेंद्र विकल, वरिष्ठ उद्घोषक डॉ. समर्थ अग्रवाल, आकाशवाणी के कार्यक्रम अधिकारी  विनोद त्रिपाठी, पत्रकार  मणिका शर्मा, शिक्षिका  नीतू सिंह,  मोनिका सोनी और इकाई प्रभारी  अजय बैस सहित महाविद्यालय स्टाफ और पीएमश्री हाईस्कूल फिजिकल कॉलोनी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


प्रतियोगिताओं में छाया उत्साह, विजेताओं को मिले पुरस्कार

समापन दिवस पर प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इकाई प्रभारी श्री अजय बैस ने विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। विजेताओं को अतिथियों के हाथों प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


गीत-नाटक और देशभक्ति की लहर

इंपैक्ट थिएटर एंड आर्ट समिति ग्वालियर के कलाकारों ने गीत और नाटक की प्रस्तुति दी। संगीता श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव और बिडला ने देशभक्ति गीतों से वातावरण को देशप्रेम से भर दिया।


अतिथियों ने युवाओं को दिया प्रेरणादायी संदेश

प्राध्यापक डॉ. महेंद्र कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्रों को जरूरी जानकारी मिलती है और युवाओं का समग्र विकास होता है। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. भूपेंद्र विकल ने समाचार पत्र की भूमिका और एक अच्छे पाठक बनने की अपील की। वरिष्ठ उद्घोषक डॉ. समर्थ अग्रवाल ने व्यक्तित्व विकास और रेडियो की ग्रामीण विकास में भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम अधिकारी विनोद त्रिपाठी ने आकाशवाणी शिवपुरी के कार्यक्रमों और रेडियो की तकनीकी जानकारी दी। पत्रकार  मणिका शर्मा ने युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने और समाज सेवा से जुड़कर नेतृत्व विकास करने की अपील की।


तीन दिनों तक चली इस प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की। कार्यक्रम को सफल बनाने में  विनोद सोनी और  विकास यादव का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top