शिवपुरी, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय जबलपुर एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन में शनिवार को एडीआर भवन शिवपुरी के सभाकक्ष में उल्लास एक अभिनव प्रयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता, क्षमता निर्माण और सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए न्यायालय के कर्मचारियों की भलाई और खुशहाली को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश अशोक कुमार शर्मा, पंचम जिला न्यायाधीश अरुण कुमार सिंह, चतुर्थ जिला न्यायाधीश कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया, तृतीय जिला न्यायाधीश दिनेश कुमार शर्मा, सीजेएम प्राची शर्मा उपाध्याय, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रंजना चतुर्वेदी सहित अन्य न्यायिक अधिकारी और जिला न्यायालय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे।
खुशी से करें काम, तनाव न लेंः प्रधान जिला न्यायाधीश
इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने कहा कि हर कर्मचारी को अपना काम तनाव लेकर नहीं बल्कि उल्लास और खुशी के साथ करना चाहिए। काम का बोझ जब तनाव बन जाता है तो इसका सीधा असर स्वास्थ्य पर पड़ता है। खुशी से किया गया काम न केवल बेहतर होता है बल्कि इससे काम करने की क्षमता भी बढ़ती है।
तनाव से होती हैं गंभीर बीमारियां- मनोरोग विशेषज्ञ
जिला चिकित्सालय शिवपुरी के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. योगेन्द्र रघुवंशी ने कर्मचारियों को तनाव के नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जो लोग ज्यादा तनाव में रहते हैं उन्हें उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और मानसिक बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि खुद को खुश कैसे रखें, रोजमर्रा की जिंदगी में छोटी-छोटी खुशियां कैसे ढूंढें और तनाव से बाहर निकलने के आसान तरीके क्या हैं। कार्यक्रम में सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिए भी कर्मचारियों को तरोताजा महसूस कराने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम के समन्वय में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रंजना चतुर्वेदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


