युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ेगा माय भारत

0


 कलेक्टर अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक हुई आयोजित


 युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ा जाएगा


शिवपुरी,  भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संगठन माय भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक गतदिवस कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  अर्पित वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का उद्देश्य जिले में युवाओं के विकास के लिए सभी विभागों के बीच तालमेल बनाना और माय भारत की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करना रहा।

बैठक में कलेक्टर  वर्मा ने निर्देश दिए हैं कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य तभी सार्थक है जब युवाओं को इससे जोड़ा जाए। उन्होंने जिले में ऐसी गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए हैं जिसमें विभिन्न विभागों की भागीदारी हो और युवाओं को लाभ मिले।


बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, एनएसएस, एनसीसी,भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, लीड बैंक मैनेजर, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग और जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित कई विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।


बैठक में माय भारत शिवपुरी के जिला युवा अधिकारी ने बताया कि माय भारत देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक बड़ा मंच है। अभी देशभर में दो करोड़ से ज्यादा युवा इससे जुड़े हैं और 650 से अधिक जिलों में इसके कार्यालय काम कर रहे हैं। माय भारत पोर्टल के जरिए युवाओं को कई तरह की सुविधाएं और मौके मिलते हैं।


बैठक में माय भारत के प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी दी गई जिनमें विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, विकसित भारत वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम और नशा मुक्त युवा अभियान शामिल हैं। इसके अलावा युवाओं के लिए पीएम इंटर्नशिप स्कीम, सीवी बनाने की सुविधा, माय भारत मेंटर्स और स्वयंसेवा के अवसर भी उपलब्ध हैं जिससे युवाओं के व्यक्तित्व विकास और रोजगार के मौके बढ़ते हैं।


इन विषयों पर हुई चर्चा

कलेक्टर अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के साथ माय भारत के तालमेल की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें टीबी मुक्त भारत अभियान में युवाओं की भागीदारी, स्वास्थ्य जागरूकता, स्कूल और कॉलेज में खेल, सांस्कृतिक और प्रतियोगी गतिविधियों का आयोजन, युवा रोजगार मेले, वित्तीय जागरूकता और स्वयंसेवी अभियान जैसे विषय शामिल रहे।


बैठक में सभी स्कूलों और कॉलेजों को माय भारत से जोड़ने, ज्यादा से ज्यादा युवाओं का पंजीयन कराने और उन्हें सरकारी योजनाओं तथा कौशल विकास कार्यक्रमों से जोड़ने पर सहमति बनी। बैठक के अंत में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने सभी विभागों से माय भारत के साथ मिलकर सक्रियता से काम करने और युवाओं के विकास में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top