शिवपुरी/नरवर। नरवर तहसील के ग्राम धमधौली में करीब 50 साल पुराने रास्ते पर किए गए कब्जे को प्रशासन ने शुक्रवार को हटवा दिया। तहसीलदार, राजस्व अमले और पुलिस की मौजूदगी में करीब आधा किलोमीटर रास्ते को ग्रामीणों की आवाजाही के लिए दोबारा खोल दिया गया। रास्ता बंद होने के कारण करीब 300 ग्रामीण पिछले चार माह से परेशानी झेल रहे थे।
रास्ते पर बोई धान की फसल, चार महीने से ग्रामीण परेशान
ग्रामीण सुनील परिहार ने बताया कि करीब पांच महीने पहले गांव के कुछ लोगों ने सीमांकन के बाद खेतों से लगे पुराने रास्ते को बंद कर दिया था। इसके बाद रास्ते के हिस्से में धान की फसल भी बो दी गई, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार इसी रास्ते से करीब 300 लोगों का रोजाना आवागमन होता था। रास्ता बंद होने के बाद स्थिति इतनी कठिन हो गई कि गर्भवती महिलाओं को खटिया पर और बच्चों को गोद में लेकर किनारे के रास्ते से निकलना पड़ रहा था। ग्रामीण लंबे समय से रास्ता खुलवाने की मांग कर रहे थे।
कलेक्टर-एसपी से शिकायत, CM हेल्पलाइन तक पहुंची आवाज
रास्ता खुलवाने के लिए ग्रामीणों ने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। ग्रामीणों ने कलेक्टर और एसपी को आवेदन देने के साथ ही सीएम हेल्पलाइन 181 पर भी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद नरवर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर रास्ते से कब्जा हटाने और ग्रामीणों की परेशानी दूर करने की मांग की गई।
शिकायतों के बाद शुक्रवार को प्रशासनिक अमला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। राजस्व अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और कार्रवाई करते हुए रास्ते पर किए गए कब्जे को हटवाकर ग्रामीणों की आवाजाही शुरू कराई।
खसरा नंबर 302 पर किया गया था रास्ते पर कब्जा
नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर के निर्देशानुसार राजस्व अमले और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि खसरा नंबर 302 पर करीब आधा किलोमीटर हिस्से में रास्ते को अवरुद्ध कर धान की फसल बोई गई थी।
तहसीलदार के अनुसार यह रास्ता शासकीय रास्ता नहीं है, लेकिन करीब 50 वर्ष पुराने रास्ते के रूप में ग्रामीण लंबे समय से इसका उपयोग करते आ रहे हैं। मौके पर सभी संबंधित पक्षों को समझाइश देकर रास्ता खुलवाया गया है।
अब मुरम डालकर रास्ते को बनाया जा रहा सुगम
प्रशासन द्वारा रास्ते को पहले की स्थिति में लाने के लिए मुरम आदि डलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, ताकि ग्रामीणों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। रास्ता खुलने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
चार महीने से बंद रास्ता खुलने से धमधौली के करीब 300 ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन की कार्रवाई से उनकी रोजमर्रा की आवाजाही फिर से सामान्य हो सकेगी।


