शिवपुरी। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को करीब 5 लीटर हाथ भट्टी की बनी जहरीली शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बस स्टैंड के पीछे मनियर तालाब के पास शराब विक्रय करने की नीयत से खड़ा था।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध हथियार, शराब, मादक पदार्थ, जुआ एवं सट्टे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सूचना पर पहुंची पुलिस टीम
16 अगस्त 2026 को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति बस स्टैंड के पीछे मनियर तालाब के पास शराब बेचने की नीयत से खड़ा है। सूचना की तस्दीक और कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया। पुलिस ने घेराबंदी कर एक व्यक्ति को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राकेश पुत्र कल्ली आदिवासी, उम्र 28 वर्ष, निवासी आदिवासी मोहल्ला मनियर, शिवपुरी बताया। उसके हाथ में मौजूद सफेद प्लास्टिक की कट्टी की जांच करने पर उसमें करीब 5 लीटर हाथ भट्टी की बनी जहरीली शराब बरामद हुई।
शराब जब्त, आबकारी एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपी शराब को अवैध रूप से बेचने की नीयत से अपने पास रखे हुए था। मौके पर ही शराब जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 627/26, धारा 49-क, 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। पुलिस द्वारा अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने की बात कही गई है।


