शिवपुरी। कोतवाली पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पर महिला का शारीरिक एवं मानसिक शोषण करने और उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त 2026 को फरियादिया ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि वह आरोपी धर्मेन्द्र शर्मा पुत्र उम्मेद शर्मा, निवासी बड़ी नोहरी को पहले से जानती थी और दोनों के बीच दोस्ती थी। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर धर्मेन्द्र शर्मा ने उसका शारीरिक एवं मानसिक शोषण किया तथा कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया।
रिपोर्ट में महिला ने आरोप लगाया कि 6 जून 2026 को आरोपी छत के रास्ते उसके घर में घुस आया और बदनामी की बात कहकर उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। फरियादिया की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 629/26 के तहत धारा 331(4), 351(3), 64(1)(एम) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने घेरा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई। पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं नगर पुलिस अधीक्षक सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
16 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि प्रकरण का आरोपी बड़ी नोहरी में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद आरोपी धर्मेन्द्र शर्मा उम्र 31 वर्ष निवासी बड़ी नोहरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी टीआई रोहित दुबे, उपनिरीक्षक भावना राठौर, प्रधान आरक्षक 374 गजेन्द्र परिहार, आरक्षक 285 राहुल कुमार एवं आरक्षक 734 छोटेलाल की विशेष भूमिका रही।


