शिवपुरी के तानपुर गांव में गौशाला बनी 'मौत का कुआं

0

 


भूखे गौवंश तोड़ रहे दम, आवाज उठाने वाले छात्र को मिल रही जान से मारने की धमकी


शिवपुरी जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम तानपुर से एक बेहद दिल दहला देने वाला और गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक ओर सरकार गौवंश के संरक्षण के लिए लाखों-करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर तानपुर स्थित गौशाला प्रबंधन की घोर लापरवाही से आए दिन बेजुबान गौवंश भूख, प्यास और बीमारियों की वजह से दम तोड़ रहे हैं। गौशाला की बदहाली का आलम यह है कि मृत गौवंश के शवों को सम्मानजनक तरीके से दफनाने के बजाय नदी किनारे और खुले रास्तों पर गड्डों में फेंक दिया जाता है। इन शवों को खाकर खूंखार और हिंसक हो चुके आवारा कुत्ते अब राहगीरों पर हमले कर रहे हैं, जिसमें गांव के कई लोग और राहगीर बुरी तरह जख्मी हो चुके हैं।


इस घोर अव्यवस्था और बेजुबानों की दुर्दशा से व्यथित होकर जब गांव के ही एक अध्ययनरत और जागरूक युवक अरुण रावत ने आवाज उठाई और इसके फोटोग्राफ-वीडियो अपने मोबाइल में कैद किए, तो सच्चाई छिपाने के लिए गौशाला संचालिका राखी शर्मा द्वारा उस पर दबाव बनाया जाने लगा। आरोप है कि संचालिका ने युवक को सबक सिखाने, पुलिस केस में झूठा फंसाने और गौशाला कर्मचारियों से जान से मरवाने तक की धमकियां दी हैं। हद तो तब हो गई जब बीते 13 अगस्त को युवक श्रद्धाभाव से गौवंश को खीरे खिलाने पहुंचा था, तो उसके बाद पहुंचे अधिकारियों के सामने संचालिका ने युवक पर जहरीले खीरे खिलाने जैसा संगीन और अनर्गल आरोप मढ़ दिया, हालांकि गौशाला के ही एक कर्मचारी ने सच बोलते हुए इस झूठे आरोप की पोल खोल दी कि खीरे पूरी तरह सुरक्षित थे।


संचालिका की इस साजिश और धमकियों से दहशतजदा युवक अरुण रावत ने आज शुक्रवार की दोपहर 1 बजे पुलिस अधीक्षक की चौखट पर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में तानपुर गौशाला का निष्पक्ष औचक निरीक्षण कराने की मांग की है, ताकि वहां चल रहे भ्रष्टाचार और बेजुबानों की मौत का सच सामने आ सके। इसके साथ ही युवक ने अपनी जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए स्पष्ट कहा है कि यदि भविष्य में उसके साथ कोई भी अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी गौशाला संचालिका की होगी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top