जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 9 बजे कमलागंज स्थित थीम रोड पर शराब दुकान के बाहर रवि जाटव और अजय जाटव निवासी कमलागंज हंगामा करने लगे। देखते ही देखते दोनों ने वहां मौजूद लोगों से धक्कामुक्की शुरू कर दी और शराब दुकान के अंदर घुस गए। दुकान के भीतर भी दोनों ने हंगामा करते हुए शराब की बोतलें तोड़ दीं।
हंगामे के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। करीब एक घंटे तक चले इस घटनाक्रम की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़कर वाहन में बैठाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ने विरोध किया। पुलिसकर्मियों को उन्हें वाहन में बैठाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद दोनों को थाने ले जाया गया, जिसके बाद मौके पर स्थिति शांत हुई।
हालांकि शराब दुकान संचालक या किसी अन्य व्यक्ति की ओर से इस मामले में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। इसके बावजूद पुलिस ने हंगामा कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में रवि जाटव और अजय जाटव के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को रविवार को एसडीएम न्यायालय में पेश किया जाएगा।


