गोरा टीला झरने में चार मासूमों की मौत के बाद प्रशासन अलर्ट,

0


 50 लोगों के ब्लड सैंपल और पानी की जांच शुरू


कलेक्टर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, जांच रिपोर्ट आने तक झरने के पानी के उपयोग पर रोक की अपील

शिवपुरी। जिले के ग्राम गोरा टीला स्थित झरने के पानी के उपयोग के बाद चार मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। एक ही घटना में चार बच्चों की असमय मौत के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अरविंद वर्मा के निर्देश पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल जांच एवं निगरानी अभियान शुरू कर दिया है।

घटना के बाद पिकनिक में शामिल रहे परिजनों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए करीब 50 ब्लड सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, गोरा टीला स्थित झरने के पानी के भी सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच हेतु भेजे गए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि आखिर चार मासूम बच्चों की मौत के पीछे वास्तविक कारण क्या रहा।

एसडीएम ने किया मौके का निरीक्षण

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलारस एसडीएम शिवदयाल धाकड़ ने घटनास्थल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम को क्षेत्र में व्यापक सर्वे करने और ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरतते हुए ग्रामीणों और आसपास के लोगों से अपील की गई है कि जांच रिपोर्ट आने तक गोरा टीला झरने के पानी का किसी भी प्रकार से उपयोग न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि झरने के पानी को फिलहाल पीने, नहाने अथवा घरेलू उपयोग में न लिया जाए।

पीड़ित परिवारों को दी गई आर्थिक सहायता

इस दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई है। रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से प्रत्येक पीड़ित परिवार को 1 लाख 50 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की गई है।

चार मासूम बच्चों की मौत ने पूरे शिवपुरी जिले को झकझोर कर रख दिया है। अब सभी की निगाहें ब्लड और पानी की जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे इस दर्दनाक घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।

फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें, सावधानी बरतें और जांच पूरी होने तक गोरा टीला झरने के पानी से पूरी तरह दूरी बनाए रखें।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top