नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर खौफनाक हमला: टपकेश्वर मंदिर के नीचे युवक पर ‘शेर’ ने किया हमला, हालत गंभीर

0


 रात 8 बजे की घटना से मचा हड़कंप, सिर में गंभीर चोट; भाजपा नेता बशर अली ने दिखाई मानवता, घायल को मेडिकल कॉलेज कराया रेफर


नरवर/शिवपुरी। नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर टपकेश्वर मंदिर के नीचे मंगलवार रात करीब 8 बजे एक युवक पर कथित तौर पर शेर ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार, ग्राम चकरमपुर निवासी विकास कुशवाहा पुत्र करण सिंह कुशवाह नरवर से मणिखेड़ा डैम की ओर जा रहा था। इसी दौरान टपकेश्वर मंदिर के नीचे अचानक कथित तौर पर शेर ने उस पर हमला कर दिया। हमले में विकास के सिर में गंभीर चोट आई और काफी मात्रा में खून बहने लगा।


घटना के बाद रास्ते से गुजर रहे भाजपा नेता बशर अली ने मानवता दिखाते हुए अपनी टीम के साथियों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार दिलाने की पहल की। उन्होंने मामले की सूचना शिवपुरी पुलिस अधीक्षक एवं सतनवाड़ा रेंजर माधव सिंह सिकरवार को दी। साथ ही घायल के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। घायल युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद शिवपुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।


घटना के बाद नरवर-सतनवाड़ा मार्ग एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवर की मौजूदगी को लेकर लोगों में भय का माहौल है। वन विभाग द्वारा घटना की जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि युवक पर हमला किस जंगली जानवर ने किया।


समाचार लिखे जाने तक घायल विकास कुशवाहा को बेहतर उपचार के लिए शिवपुरी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया था।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top