आंगनबाड़ी केंद्र की वीडियो बनाने पर विवाद: ग्रामीणों पर सरकारी काम में बाधा डालने की शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग

0

 


शिवपुरी जिले के करैरा थाना क्षेत्र से एक मामला सामने आया है, जहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका पर ग्रामीणों ने झूठी शिकायत करने का आरोप लगाया है।


मामला प्राणपुरा कुठीलामढ़ गांव का है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं और समय पर केंद्र नहीं खुलने की स्थिति का वीडियो बनाकर प्रशासन तक जानकारी पहुंचाने की कोशिश की थी। लेकिन अब इसी मामले में चार-पांच ग्रामीणों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने की शिकायत की गई है।


ग्रामीणों के मुताबिक, जिस समय वीडियो बनाया गया, उस वक्त आंगनबाड़ी केंद्र बंद था। उनका कहना है कि वीडियो बनाने का उद्देश्य केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाना था, किसी सरकारी कर्मचारी के काम में रुकावट डालना नहीं।


ग्रामीणों ने शिकायत को गलत और बेबुनियाद बताते हुए शनिवार को करैरा थाने और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।


ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत में कुछ ऐसे लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, जो कथित तौर पर घटना के समय मौके पर मौजूद ही नहीं थे। ग्रामीणों का कहना है कि इससे निर्दोष लोगों के खिलाफ कार्रवाई होने की आशंका है।


ज्ञापन के जरिए ग्रामीणों ने मांग की है कि वीडियो, मौके की वास्तविक स्थिति और संबंधित लोगों के बयान के आधार पर स्वतंत्र जांच की जाए और जांच पूरी होने से पहले किसी निर्दोष के खिलाफ कार्रवाई न की जाए।


ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वे वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करेंगे और इसके बाद शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे।


फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत के बाद मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रशासन का अगला कदम क्या होता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top