गोपालपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक पर 24 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। युवक का शव इमलिया और पाढ़रखेड़ा के बीच रेलवे ट्रैक पर तीन हिस्सों में मिला।
पुलिस के मुताबिक, इमलिया गांव निवासी भरत आदिवासी शौच के लिए रेलवे पटरी के पास गया था। इसी दौरान वह अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मोबाइल में लगी सिम के आधार पर मृतक की पहचान भरत आदिवासी, पुत्र प्रहलाद आदिवासी के रूप में की गई।
परिजनों के मुताबिक, भरत की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।
गोपालपुर थाना प्रभारी राधेश्याम शिवहरे के अनुसार, प्रारंभिक जांच में युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


