अमोला शराब दुकान में तोड़फोड़ और आगजनी मामले में बड़ी कार्रवाई

0

 


सरपंच और जनपद सदस्य समेत 21 आरोपी गिरफ्तार, सभी को भेजा जेल; अन्य आरोपियों की तलाश जारी


शिवपुरी। जिले के अमोला थाना क्षेत्र में लाइसेंसी कम्पोजिट शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने, शराब की बोतलें फोड़कर दुकान में आग लगाने तथा दुकान कर्मचारियों और पुलिस-आबकारी विभाग के अधिकारियों के साथ मारपीट एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में एक सरपंच और एक जनपद सदस्य सहित कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद इस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ के प्रयास भी जारी हैं।

पुलिस के अनुसार अमोला थाना क्षेत्र में लाइसेंसी कम्पोजिट शराब दुकान पर उपद्रवियों द्वारा हमला कर दुकान में तोड़फोड़ की गई थी। आरोप है कि आरोपियों ने दुकान में घुसकर शराब एवं अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया तथा शराब की बोतलें फोड़कर आग लगा दी। इस दौरान दुकान कर्मचारी के साथ कथित रूप से अभद्रता और मारपीट भी की गई। घटना के दौरान पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ भी मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप सामने आए। इतना ही नहीं, शासकीय वाहन में भी तोड़फोड़ किए जाने की बात पुलिस ने बताई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों के खिलाफ जल्द और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं एसडीओपी करैरा के मार्गदर्शन में अमोला थाना पुलिस सहित विभिन्न पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सक्रिय किया गया।

सरपंच और जनपद सदस्य भी गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई में सरपंच छोटेराजा पुत्र भरौसीराम गुर्जर, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम गणेशखेड़ा, थाना अमोला तथा जनपद सदस्य दुष्यंत परमार पुत्र वीरसिंह परमार, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम अमोलपठा, थाना अमोला सहित कुल 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को पूर्व में दर्ज अपराधों के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।

कई धाराओं में कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़, शराब एवं दुकान में आग लगाने, दुकान कर्मचारी से अभद्रता एवं मारपीट करने, पुलिस और आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा शासकीय वाहन में तोड़फोड़ करने जैसे गंभीर आरोप हैं।

इस कार्रवाई में अमोला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक योगेन्द्र सिंह सेंगर, सुरवाया थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रियंका पाराशर, मगरौनी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह, अमोलपठा चौकी प्रभारी अंजली सिंह, थनरा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अनुराधा सिंह सहित पुलिस टीमों की भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी चिन्हित किया जा रहा है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब दुकान में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top