शुक्रवार रात अज्ञात लोगों ने यहां वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी की अश्वारोही प्रतिमा स्थापित कर दी। सुबह खेतों की ओर पहुंचे ग्रामीणों ने प्रतिमा को हरे रंग के पर्दे से ढका हुआ और फूल-मालाओं से सजा देखा।
प्रतिमा की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रतिमा किसने स्थापित की और क्या इसे लगाने के लिए प्रशासन से अनुमति ली गई थी?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, प्रतिमा सरकारी जमीन पर स्थापित की गई है और इसे रात के समय लगाया गया। नियमानुसार सार्वजनिक अथवा सरकारी भूमि पर महापुरुषों की प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्रशासनिक अनुमति जरूरी होती है। ऐसे में बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित किए जाने की बात सामने आने के बाद प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
20 दिन पहले भी सामने आया था मामला
खास बात यह है कि पिछोर विधानसभा क्षेत्र में इस तरह का मामला पहली बार सामने नहीं आया है। करीब 20 से 25 दिन पहले भी एक ही रात में अलग-अलग स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित किए जाने के मामले सामने आए थे।
खोड़ चौकी क्षेत्र के बूधौन गांव में महारानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। वहीं मायापुर थाना क्षेत्र के पड़ौरा गांव में रानी अवंतीबाई का छायाचित्र लगाकर लोहे की फ्रेम और पक्के फाउंडेशन का निर्माण किया गया था।
उस समय महारानी अवंतीबाई लोधी की जयंती भी नजदीक थी।
अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा खंडित होने का मामला भी आया था सामने
वहीं खनियाधाना थाना क्षेत्र में सांदीपनि स्कूल के पास लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा खंडित किए जाने का मामला भी सामने आ चुका है।
स्थानीय निवासी शोभाराम पाल के अनुसार, समाज के लोगों ने करीब दो साल पहले चंदा इकट्ठा कर प्रतिमा स्थापित की थी। इसके बाद 30 मई 2025 की रात प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था। बाद में दोबारा प्रतिमा के हाथ में मौजूद शिवलिंग और तलवार भी टूटी हुई मिली थी।
इस घटना के बाद पाल समाज में नाराजगी देखने को मिली थी।
अब पिछोर के खुरई क्षेत्र में एक बार फिर रातोंरात महारानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थापित किए जाने से सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या प्रशासन को इसकी जानकारी थी, अनुमति ली गई थी या फिर नियमों को दरकिनार कर प्रतिमा स्थापित कर दी गई?
फिलहाल प्रतिमा स्थापित करने वाले लोगों की पहचान सामने नहीं आई है। प्रशासन की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


