शिवपुरी: हॉस्टल में 9वीं के छात्र को लाठी से पीटा, शिक्षक पर एफआईआर दर्ज

0



शिवपुरी। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक स्कूल के हॉस्टल में कक्षा 9वीं के छात्र के साथ लाठी से बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


मामा के सामने खुली घटना की पोल

परिजनों के अनुसार, बुधवार को छात्र के मामा हॉस्टल में उससे मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने छात्र के हाथ और पैरों पर चोट और मारपीट के गंभीर निशान देखे। पूछताछ करने पर छात्र ने हॉस्टल में हुई प्रताड़ना की जानकारी दी। इसके बाद मामा ने तुरंत छात्र के माता-पिता को सूचित किया। गुरुवार को परिजन पीड़ित छात्र को लेकर सीधे कोतवाली थाने पहुंचे।


शिकायत के नाम पर लाठी से पीटा, नहीं कराया इलाज

पीड़ित छात्र ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 6 अक्टूबर की शाम किसी शिकायत को लेकर हॉस्टल में पदस्थ शिक्षक गिरीश शर्मा ने उसके साथ लाठी से जमकर मारपीट की। छात्र ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि पिटाई के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भी नहीं ले जाया गया। अगले दिन सुबह उसने जैसे-तैसे फोन कर अपने मामा को आपबीती बताई।


पुलिस ने दर्ज किया मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस परिजनों के साथ हॉस्टल पहुंची और छात्र से घटना के संबंध में पूछताछ की। कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर शिक्षक गिरीश शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top