अमानक पाए जाने पर कड़ी कार्यवाही के निर्देश
बाज़ारों में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के कड़े निर्देशों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। इसी के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा माधव चौक स्थित शहर के बड़े प्रतिष्ठान प्रेम स्वीट्स से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए हैं।
कलेक्टर अर्पित वर्मा बुधवार की शाम स्वयं भी निरीक्षण के लिए निकले और जायजा लिया। इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 'प्रेम स्वीट्स' पर मिठाई और खाद्य पदार्थों की जांच की है। प्रशासनिक टीम द्वारा प्रेम स्वीट्स से सैंपल लिए गए हैं। अन्य मिठाई विक्रेताओं और आसपास के प्रतिष्ठानों को भी हिदायत दी गई है। टीम ने दुकान पर मौजूद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की बारीकी से जाँच की और स्वच्छता मानकों का जायजा लिया।
आगामी माह में दीपावली का त्यौहार है। त्यौहार के समय बड़ी मात्रा में मिठाईयों की खपत होती है। ऐसे में मिलावटी मावा, मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों के विक्रय पर रोक के लिए प्रशासन की टीम ने अभी से कार्यवाही शुरू कर दी है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने फूड सेफ्टी अधिकारियों को लगातार निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की जांच के सख्त निर्देश दिए हैं।
सैंपल लेकर जाँच के लिए भेजे
कार्रवाई के दौरान टीम ने प्रेम स्वीट्स से विभिन्न मिठाइयों और खाद्य सामग्रियों के सैंपल एकत्र किए। इन सैंपलों को राज्य स्तरीय प्रयोगशाला में परीक्षण किया जाता है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी सैंपल में मिलावट या अमानक स्तर पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मिलावटखोरी पर प्रशासन की कड़ी नजर
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलावटी और गुणवत्ताहीन सामग्री बेचने वालों के विरुद्ध यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
विगत सप्ताह इन प्रतिष्ठानों से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने
उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में विगत एक सप्ताह में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कार्रवाई करते हुए कई प्रतिष्ठानों से सैंपल एकत्रित किए हैं, जिसमें गणेश एजेंसी (शिवपुरी) से आनंदी सरसों तेल, पुष्पेन्द्र किराना स्टोर (नरवर) से कोल्हू सरसों तेल एवं रिच बाइट टॉफी, जय शिव किराना (मगरौनी) से मैगी नूडल्स एवं नायरा बटर कैंडी , श्री शक्ति स्व-सहायता समूह (सकलपुर) से खिचड़ी मिक्स लूज एवं दलिया लूज, महेश ऑयल ए.बी. रोड, शिवपुरी से कान्हा बाँसुरी सरसों तेल एवं कान्हा बाँसुरी रिफाइंड सोया तेल, आनंद दूध डेयरी (ए.बी. रोड, शिवपुरी) से पनीर खुला एवं स्किम्ड मिल्क, संस्कार सेल्स एजेंसी (शिवपुरी) से संस्कार सरसों तेल एवं खुला रिफाइंड तेल के सैंपल लिए गए हैं।


.jpg)
