प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में संशोधित साइलेंसर लगाकर बुलेट से तेज धमाकेदार आवाज निकालने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं, जिससे आमजन में भय एवं असुविधा का माहौल बन रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए फिजिकल थाना प्रभारी ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
महज 12 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने उक्त बुलेट वाहन को चिन्हित कर चालक को पकड़ लिया। वाहन की जांच के दौरान उसमें अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर पाया गया, जिसे मौके पर ही हटवाया गया। संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई तथा भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
फिजिकल थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की हरकतें कानूनन अपराध हैं और इससे आम जनता को परेशानी होती है। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की असामाजिक या नियम विरुद्ध गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


